वाक्य परिचय
डॉ. योगेन्द्रनाथ मिश्र
मैं कल बैठक में नहीं आ सकता, क्योंकि मैं बीमार हूँ।
यह किस प्रकार का वाक्य है? मिश्र वाक्य है या संयुक्त वाक्य है?
इसका उत्तर किसी ने मिश्र वाक्य दिया तो किसी ने संयुक्त वाक्य दिया।
यह तो हम सभी जानते हैं कि मिश्र वाक्य हो या संयुक्त वाक्य हो,
दोनों दो सरल वाक्यों के योग से बनते हैं।
पुस्तकों में यह लिखा होता है कि -
(१) संयुक्त वाक्य के दोनों उपवाक्य स्वतंत्र होते हैं। कोई
किसी पर आश्रित नहीं होता।
दोनों उपवाक्य किसी योजक से जुड़े होते हैं।
(२) जबकि मिश्र वाक्य में एक उपवाक्य मुख्य या प्रधान होता
है तथा दूसरा गौण या आश्रित होता है।
मिश्र वाक्य के बारे में यह भी कहा जाता है कि प्रधान उपवाक्य अपना अर्थ
व्यक्त करने में स्वयं समर्थ होता है, जबकि आश्रित उपवाक्य को अपना अर्थ व्यक्त करने के लिए
प्रधान उपवाक्य का सहारा लेना पड़ता है।
परंतु ये धारणाएँ पूरी तरह सही नहीं हैं।
अब हम अपने वाक्य पर विचार करते हैं।
कल मैं बैठक में नहीं आ सकता, क्योंकि मैं बीमार हूँ।
स्पष्टतः इसमें दो सरल वाक्य हैं -
(१) कल मैं बैठक में नहीं आ सकता।
(२) मैं बीमार हूँ।
इसमें तो कोई शंका नहीं कि दोनों वाक्य दो तरह की सूचनाएँ देते हैं।
दोनों वाक्य अपना-अपना अर्थ व्यक्त करने में समर्थ हैं।
दोनों में से कोई किसी पर आश्रित नहीं है।
कारण कि दोनों के अर्थ और संदर्भ बिलकुल भिन्न हैं।
ऐसे में इनको जोड़ने से बने वाक्य-
मैं कल बैठक में नहीं आ सकता, क्योंकि मैं बीमार हूँ -
को मिश्र वाक्य कैसे कहा सकता है!
इनमें से किसको प्रधान उपवाक्य कहेंगे?
किसको आश्रित उपवाक्य कहेंगे?
और किस आधार पर कहेंगे?
मेरी समझ से यह वाक्य संयुक्त वाक्य है।
संयुक्त वाक्य होने के पक्ष में बड़ा तर्क यह है कि इसके दोनों उपवाक्य
अपना-अपना अर्थ व्यक्त करने में स्वयं समर्थ हैं।
ये दोनों उपवाक्य कार्य-कारण संबंध से जुड़े हुए हैं।
और कुछ नहीं।
जैसे अन्य संयुक्त वाक्यों के उपवाक्य संयोजक, वियोजक, विरोधदर्शी, शर्तवाची संबंध से जुड़े होते हैं,
वैसे ही इस वाक्य के उपवाक्य कार्य-कारण संबंध से जुड़े
हैं।
(१) मोहन पढ़ता है तथा सोहन खेलता है। (संयोजक संबंध)
(२) आप चाय पिएँगे या कॉफी पिएँगे?
(वियोजक संबंध)
(३) उसने मुझे बुलाया, परंतु मैं नहीं गया। (विरोधदर्शी संबंध)
डॉ. योगेन्द्रनाथ मिश्र
40,
साईंपार्क सोसाइटी, वड़ताल रोड
बाकरोल-388315,
आणंद (गुजरात)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें