गुरुवार, 14 सितंबर 2023

कविता




इंद्रकुमार दीक्षित

 

कोटि कोटि जनता की भाषा न्यारी हिंदी  है।

 भारत की पहचान हमारी प्यारी हिंदी है।

 

इस भाषा के साथ जुड़ी हैं यादें दीवानों की

आजादी के लिए जले जो ऐसे परवानों की।

 फाँसी के फंदे को चूमा खाये लाठी गोली

पर न कभी अपनी जु़बान पर ली पराई बोली।।

  भारतमाता के माथे की ताजी बिंदी  है।। 

भारत की पहचान-हमारी प्यारी हिन्दी है।।

           

 गोरख सूर कबीर की बोली मीरा की आशा है

  रामचरितमानस तुलसी जनमानस की भाषा है।

   छत्रसाल रसखान बिहारी केशव को अति प्यारी

घनानंद मतिराम देव कविगण की केसर-क्यारी।।

   भूषण की ललकार गान गौरव की हिंदीहै।।  

भारत की-पहचान हमारी प्यारी हिन्दी है ।।

              

भारतेंदु हरिऔध मैथिली पंत प्रसाद निराला

  मधुशाला  के छंदों में छलके बच्चन की हाला।

कुरुक्षेत्र में दिनकर की हुंकार सुनाई देती

 श्याम रंग से लाल हुई हल्दीघाटी की रेती।।

 फाड़ गुलामी की चादर को फेंका चिंदी चिंदी है।।   

भारत की पहचान -  हमारी प्यारी हिन्दी है।।

                

करुणा के नवगीत महादेवी ने इसमें गाया

'झाँसी की रानी' ने सुभद्रा को अमर बनाया।

   प्रेमचंद वृंदावन थे तेरे उपवन के माली

 दिया जिसे वरदान बना वह क्षण में वैभवशाली।।     

बहनें इसकी पंजाबी गुजराती  सिंधी हैं।।

    भारत की पहचान - हमारी प्यारी हिन्दी है।।

                

मुक्तिबोध, अज्ञेय खड़े हों इसकी पूजा करते

रंग बिरंगे पुष्प सदा इसके उपवन में खिलते।।

'नीरज' के गीतों ने इसकी माटी को सरसाया

  अमर हुए दुष्यंत नई गज़लों से इसे सजाया।

   नागार्जुन राहुल की अमर कहानी हिंदी है।। 

भारत की पहचान हमारी प्यारी हिन्दी है।।

             

अपनी माता का आँचल जैसे शिशु में सुख भरता

  निजभाषा का गौरव अपना मस्तक ऊँचा करता

  पर्वत नदियाँ देश अनेकों  कितने ही धरती  पर

'भारतमाता' की तुलना पर उससे कोई न करता।।

भाषाओं की शान बहुत बलशाली हिंदी  है।।

भारत की  पहचान  हमारी प्यारी हिन्दी है।।

*******


 

इंद्रकुमार दीक्षित

देवरिया(उ.प्र.)

5 टिप्‍पणियां:

  1. बहुत सुंदर कविता।।सादर प्रणाम

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. धन्यवाद जी!
      इंद्र कुमार दीक्षित

      हटाएं
  2. मराठी भी हिंदी की बहन है और संस्कृत इसकी जननी
    इतनी अच्छी भाषा हिंदी,सबको लगती अपनी
    बहुत अच्छी रचना
    - रवि शर्मा

    जवाब देंहटाएं
  3. सादर आभार , आदरेय रवि शर्मा जी!

    जवाब देंहटाएं

अप्रैल 2024, अंक 46

  शब्द-सृष्टि अप्रैल 202 4, अंक 46 आपके समक्ष कुछ नयेपन के साथ... खण्ड -1 अंबेडकर जयंती के अवसर पर विशेष....... विचार बिंदु – डॉ. अंबेडक...