बुधवार, 26 जुलाई 2023

चौपाई

 




चौपाई

डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा

निशा चंद्रिका चतुर सहेली

चली भोर को छोड़ अकेली ।।

शिखर ओट रवि छुपके झाँके

नाच उठें तरुवर अति बाँके ।।

 **

उषा संग अम्बर हर्षाए ।

गीत मधुर पंछी ने गाए ।।

सौरभ सुमन बिखेरें पावन

यज्ञ होम गुंजन मनभावन ।।

**

अद्भुत है सखि कला छली की

भ्रमर वंदना करे कली की ।।

पवन मुदित मन गुनगुन गाए।

छेड़ तान आगे बढ़ जाए ।।

** 

अरी तलैया क्यों मन प्यासा ।

विरह-घड़ी घट घना उदासा ।।

पुरवा क्या संदेशा लाई ।

खिले कमल ज्यों तुम मुसकाई ?

**

गगन घिरे घन बड़े सलोने

भरें चौकड़ी ज्यों मृग छौने ।।

उच्च शिखर से जा टकराएँ

फूट-फूट आँसू बिखराएँ ।।

 **

बड़े लाड़ से पवन दुलारे

दे गलबहियाँ ताप उतारे ।।

चल दी फिर मेघों की टोली

छेड़छाड़ करते हमजोली ।।

 **

रस छलकाते भटकें छैला

धुला धरा का आँचल मैला ।।

भरते ताल नदी नद सारे

ओ घन श्याम ! लगो तुम प्यारे ।।

 


डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा

वापी (गुजरात)

3 टिप्‍पणियां:

जुलाई 2025, अंक 61

  शब्द-सृष्टि जुलाई 2025 , अंक 61 परामर्शक की कलम से.... – ‘सा विद्या या विमुक्तये’ के बहाने कुछेक नये-पुराने संदर्भ..... – प्रो. हसमुख प...