रविवार, 17 अक्तूबर 2021

शब्द संज्ञान

 


डॉ. योगेन्द्रनाथ मिश्र

गांधी या गाँधी?

 

वरिष्ठ पत्रकार श्री ओम थानवी जी ने दो अक्टूबर को एक पोस्ट लिखा था, जिसमें उन्होंने यह प्रश्न किया था कि महात्मा गांधी के लिए गांधी लिखना सही है या गाँधी?

पोस्ट में उन्होंने गांधी को सही तथा गाँधी को गलत बतया था। अपने समर्थन में उन्होंने गाँधी जी के हस्ताक्षर का फोटो दिया था।

उसके जवाब में श्रीमान् आलिम देहलवी जी ने इस बात की ओर संकेत किया था कि गुजराती में अनुनासिक स्वरों के लिए भी बिंदी ही लिखी जाती है। आलिम जी खुद गुजराती हैं। कम लोग जानते होंगे कि उनका मूल नाम नीरेंद्र नागर है।

नागर जी की इस टिप्पणी से मुझे लगा, क्यों न इसकी जाँच की जाए।

मैं गुजरात में ही रहता हूँ। विषय मेरा भाषाविज्ञान है। मुझे इसकी जाँच करने में कोई कठिनाई नहीं होगी।

फिर मैंने मित्रों को वॉट्सेप पर मैसेज किया कि गांधी शब्द का उच्चारण करके भेजिए।

यह जानकार आप सबको आश्चर्य होगा कि सभी ने गाँधी उच्चारण किया। यानी अनुनासिक उच्चारण। गान्धी यानी पंचमाक्षर का नहीं।

निष्कर्ष यह कि मूल शब्द गाँधी ही है गांधी नहीं।

चूँकि गुजराती में चंद्रबिंदी लिखी नहीं जाती। इसलिए हिन्दी वालों को यह भ्रम होना स्वाभाविक है कि गांधी जी के हस्ताक्षर में ‘गा’ के ऊपर लगी बिन्दी अनुस्वार है। यानी गांधी का मतलब गान्धी।

गुजराती में किसी वर्ण के ऊपर लगी बिंदी के दो उच्चारण हो सकते हैं। कौन-सा उच्चारण सही है, यह तो गुजराती भाषियों को मालूम है। अन्य भाषाभाषी भ्रम में पड़ जाते हैं। कारण कि वे मूल शब्द से परिचित नहीं होते। उनके सामने तो लिखा हुआ शब्द होता है।

 

सहयोगी और सहायक

कल से इन दोनों शब्दों के अर्थ और प्रयोग के बारे में सोच रहा हूँ। अब तक जो भी सोच सका हूँ, वह यहाँ लिख रहा हूँ। आप भी इसमें कुछ जोड़ें।

१. एक स्तर पर ये दोनों शब्द समानार्थक हैं -

सहयोगी अर्थात् सहयोग करने वाला।

सहायक अर्थात् सहायता करने वाला।

सहयोग और सहायता दोनों समानार्थक हैं।

मेरा सहयोग कीजिए/मेरी सहायता कीजिए।

इस काम में श्री व्रज मोहन मेरे सहयोगी/सहायक हैं।

अंग्रेजी के हेल्पर के अर्थ में भी इन दोनों शब्दों का प्रयोग होता है -

वह मेरा सहायक/सहयोगी है।

२. परंतु इन दोनों शब्दों के बीच प्रयोगगत कुछ अर्थभेद भी लक्षित होता हैं।

सहयोगी का प्रयोग सिर्फ मनुष्य के लिए होता है। जबकि सहायक के रूप में मनुष्य के साथ साथ निर्जीव पदार्थ भी हो सकते हैं।

यह पुरानी साइकिल मेरे जीवन में बड़ी सहायक सिद्ध हुई है।

परंतु -

यह पुरानी साइकिल मेरे जीवन में बड़ी सहयोगी सिद्ध हुई है। (ऐसा प्रयोग नहीं चलता।)

सहायक शब्द अंग्रेजी के असिस्टेंट का अनुवाद है।

असिस्टेंट के लिए सहयोगी शब्द नहीं चलता -

रामकुमार हिन्दी विभाग में सहायक (असिस्टेंट) प्रोफेसर हैं।

किंतु, ऐसा नहीं होगा कि -

रामकुमार हिन्दी विभाग में सहयोगी (असिस्टेंट) प्रोफेसर हैं।




योगेन्द्रनाथ मिश्र

40, साईं पार्क सोसाइटी

बाकरोल – 388315

जिला आनंद (गुजरात)

1 टिप्पणी:

अप्रैल 2024, अंक 46

  शब्द-सृष्टि अप्रैल 202 4, अंक 46 आपके समक्ष कुछ नयेपन के साथ... खण्ड -1 अंबेडकर जयंती के अवसर पर विशेष....... विचार बिंदु – डॉ. अंबेडक...